जम्मू: मादक पदार्थ विरोधी अभियान में 18 वाहन जब्त; पंजाब का तस्कर हेरोइन के साथ गिरफ्तार
जम्मू: मादक पदार्थ विरोधी अभियान में 18 वाहन जब्त; पंजाब का तस्कर हेरोइन के साथ गिरफ्तार
जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और उससे जुड़ी गतिविधियों पर लगाम लगाने के प्रयासों के तहत पुलिस ने रविवार को जम्मू और रियासी जिलों में सात कारों सहित 18 वाहन जब्त किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा सांबा जिले में पंजाब के एक कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को 25 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू के मीरान साहब थाना क्षेत्र में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत 17 वाहन (सात कार और 10 दुपहिया वाहन) जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों के मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में इस्तेमाल होने या उससे हुई कमाई से खरीदे जाने का संदेह है।
प्रवक्ता ने कहा, “यह कार्रवाई जम्मू में सक्रिय संगठित मादक पदार्थ सिंडिकेट के आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की गई वित्तीय जांच का हिस्सा है।”
उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच हर बड़े एनडीपीएस मामले का एक अनिवार्य हिस्सा है, और मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने रियासी जिले में भी एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत कटरा थाने में दर्ज एक मामले में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक तिपहिया मालवाहक वाहन को कुर्क किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस बीच, सांबा जिले के सिडको चौक पर बस यात्रियों की तलाशी के दौरान रविवार को पंजाब के रहने वाले एक कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर सतनाम सिंह को 25.59 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि यह बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी, तभी इसे जांच के लिए रोका गया था।
प्रवक्ता ने कहा कि इस संबंध में सांबा थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


