जम्मू-कश्मीर सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना के तहत मुफ्त में छह गैस सिलेंडर प्रदान करने को मंजूरी दी
जम्मू-कश्मीर सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना के तहत मुफ्त में छह गैस सिलेंडर प्रदान करने को मंजूरी दी
श्रीनगर, 24 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने बृहस्पतिवार को विधानसभा को बताया कि सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के तहत पात्र परिवारों के लिए मुफ्त में छह गैस सिलेंडर देने को मंजूरी दे दी है। इस घोषणा के बाद सदन में हंगामा हुआ।
विपक्षी भाजपा ने सरकार पर 12 सिलेंडर देने के अपने वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री शर्मा ने कहा, “मैं सदन को सूचित करना चाहता हूं कि छह मुफ्त गैस सिलेंडर देने की योजना को संबंधित प्राधिकरण की मंजूरी मिल गई है। इसका विवरण जल्द साझा किया जाएगा।”
घोषणा का सत्तापक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया, जबकि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सदन में शोर-शराबा होने लगा।
भाजपा सदस्यों ने कहा, “यह धोखा है। सत्तारूढ़ पार्टी ने 12 मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था।”
नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा, “सरकार ने सभी परिवारों को 12 मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। ये छह सिलेंडर धोखा हैं। आपने सिलेंडर, बिजली और राशन के नाम पर लोगों को धोखा दिया है।”
उन्होंने सरकार पर “गरीबों को गुमराह करने” का आरोप लगाया।
हंगामा जारी रहने के बीच उन्होंने सवाल किया, “यह कब तक चलता रहेगा?”
सत्तापक्ष और विपक्षी सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक कुछ देर तक जारी रही। हालांकि, बाद में अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने सदन में व्यवस्था बहाल की और दिन के बाकी कामकाज को आगे बढ़ाया।
अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) सबसे गरीब परिवारों के लिए है।
इससे पहले शून्यकाल के दौरान अनुसूचित जनजाति-2 के आरक्षण के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ था।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


