जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में मादक पदार्थ तस्कर की ‘अवैध’ व्यावसायिक संपत्ति ध्वस्त
जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में मादक पदार्थ तस्कर की 'अवैध' व्यावसायिक संपत्ति ध्वस्त
जम्मू, 22 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में पुलिस और नागरिक प्रशासन ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक कथित मादक पदार्थ तस्कर की ‘अवैध’ व्यावसायिक संपत्ति को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई समरोली क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवल पुल के पास सरकारी जमीन पर कथित तौर पर बनी दुकानों के खिलाफ की गई।
अधिकारियों के अनुसार, यह संपत्ति त्रिलोचन दत्त की थी, जो कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है। उसने इन व्यावसायिक दुकानों के निर्माण के लिए सरकारी जमीन पर कब्जा किया था।
राजस्व अधिकारियों द्वारा बेदखली का आदेश जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन और उधमपुर पुलिस ने मिलकर यह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
चेनानी के उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुखवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इस संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। यह संपत्ति उस व्यक्ति की थी जिसका नाम बार-बार मादक पदार्थ तस्करी की गतिविधियों में सामने आता रहा है।
सिंह ने कहा, ‘हमें कई मौकों पर मादक पदार्थ तस्करी में उसकी संलिप्तता की जानकारी मिली थी। आज की कार्रवाई के माध्यम से हम यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि किसी भी मादक पदार्थ तस्कर को अवैध गतिविधियों से बनाई गई संपत्ति का फायदा लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’
उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिक प्रशासन मादक पदार्थ तस्करों से जुड़ी अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन पर कार्रवाई कर रहे हैं। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी संपत्तियों को भू-राजस्व अधिनियम के तहत हटाया जा रहा है, जबकि अन्य संपत्तियों को कानूनी प्रावधानों के तहत कुर्क किया जा रहा है।
अधिकारी के अनुसार, दत्त के खिलाफ पहले भी चेनानी पुलिस थाने में मादक पदार्थ तस्करी में उसकी कथित संलिप्तता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार के माध्यम से प्रशासन ने हाल ही में कब्जा की गई इस संपत्ति को खाली करने का आदेश दिया था जिसके बाद यह संयुक्त ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थ तस्करी और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन के व्यापक अभियान का हिस्सा है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


