जम्मू कश्मीर पुलिस ने राजौरी एवं उधमपुर जिलों में दो मादक पदार्थ तस्करों की संपत्तियां कुर्क कीं

जम्मू कश्मीर पुलिस ने राजौरी एवं उधमपुर जिलों में दो मादक पदार्थ तस्करों की संपत्तियां कुर्क कीं

जम्मू कश्मीर पुलिस ने राजौरी एवं उधमपुर जिलों में दो मादक पदार्थ तस्करों की संपत्तियां कुर्क कीं
Modified Date: April 17, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: April 17, 2026 4:34 pm IST

जम्मू, 17 अप्रैल (भाषा) जम्मू और कश्मीर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत राजौरी और उधमपुर जिलों में दो तस्करों की 55 लाख रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राजौरी में पुलिस ने मुरादपुर के सौरभ कुमार की लगभग 43.13 लाख रुपये की एक मंजिला आवासीय इमारत कुर्क की। उन्होंने बताया कि वह स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई मामलों में आरोपी है।

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर में पुलिस ने बिशनाह के कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर राकेश कुमार की फर्जी पंजीकरण संख्या वाली लगभग 12 लाख रुपये की होंडा सिटी कार कुर्क की है।

उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि यह कार मादक पदार्थों की तस्करी से हुई अवैध कमाई से खरीदी गयी थी।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाना और इसमें शामिल लोगों के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करना है।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में