जया बच्चन ने कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की

जया बच्चन ने कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की

जया बच्चन ने कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की
Modified Date: July 2, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: July 2, 2026 6:10 pm IST

(फोटो सहित)

कोलकाता, दो जुलाई (भाषा) विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद विपक्ष के नए सिरे से एकजुट होने की चर्चा के बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके कालीघाट स्थित आवास पर मुलाकात की।

बच्चन दोपहर में तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन के साथ बनर्जी के आवास पर पहुंचीं।

बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ दिन पहले ही सपा के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा ने कोलकाता दौरे के दौरान चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री को ज़िम्मेदार ठहराया था और कहा था कि ‘‘लोग ममता को नहीं चाहते थे।’’

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ज़बरदस्त जीत के बाद, नंदा के बयानों ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के दो सहयोगियों के बीच दूरी को लेकर अटकलों को हवा दी।

चुनाव नतीजों के कुछ ही समय बाद, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव कोलकाता गए और ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस कदम को चुनाव में मिली हार के बाद तृणमूल प्रमुख के प्रति एकजुटता दिखाने के तौर पर देखा गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बच्चन की यह मुलाकात इस बात का संकेत है कि हाल में समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा सार्वजनिक आलोचना किए जाने के बावजूद दोनों विपक्षी दलों के बीच संवाद के रास्ते अब भी खुले हुए हैं।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में