जेवर हवाई अड्डे का शीघ्र उद्घाटन किया जाएगा : राममोहन नायडू

जेवर हवाई अड्डे का शीघ्र उद्घाटन किया जाएगा : राममोहन नायडू

जेवर हवाई अड्डे का शीघ्र उद्घाटन किया जाएगा : राममोहन नायडू
Modified Date: March 9, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: March 9, 2026 8:22 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि उत्तर प्रदेश के जेवर हवाई अड्डे को ‘एयरोड्रम’ लाइसेंस मिल गया है और इसका उद्घाटन शीघ्र ही किया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान, उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संबंधित पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि ‘एयरोड्रम’ लाइसेंस मिलने से लेकर वास्तविक परिचालन शुरू होने तक 45 दिन से दो महीने का समय लगता है और हवाई अड्डे से उड़ानें शीघ्र ही शुरू हो जाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण जैसे संस्थानों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद, कुछ दिन पहले डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) द्वारा पहला एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया गया है।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन शुरू होने तक की सामान्य प्रक्रिया में 45 दिन से दो महीने का समय लगता है।’’

उन्होंने कहा कि लाइसेंस मिलने के बाद, हवाई अड्डे को एक समय सारिणी बनानी होती है और इस पूरी प्रक्रिया में समय लगता है।

नायडू ने कहा, ‘‘अब हम एयरलाइंस से भी संपर्क कर रहे हैं और उन्हें अपनी समय सारिणी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कह रहे हैं।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘हम एक भव्य उद्घाटन समारोह की भी योजना बना रहे हैं। इससे उत्तर प्रदेश के जेवर हवाई अड्डे को बढ़ावा मिलेगा।’’

भगवान बुद्ध से जुड़े उत्तर प्रदेश के कपिलवस्तु में हवाई अड्डा बनाने के संबंध में एक अन्य पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का इरादा हमेशा से देश में अधिक हवाई अड्डे बनाना रहा है और इसी दृष्टि के साथ प्रधानमंत्री ने उड़ान योजना शुरू की है।

नायडू ने कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में, हमने देश में हवाई अड्डों की संख्या, 2014 के 74 से बढ़ाकर 166 कर दी है। हवाई अड्डे बनाने की इस गति को कोई अन्य देश हासिल नहीं कर पाया है। और हम यहीं नहीं रुक रहे हैं। हम और अधिक हवाई अड्डे बनाना चाहते हैं। हम देश के सुदूरतम क्षेत्रों तक भी हवाई संपर्क का विस्तार करना चाहते हैं।’’

क्षेत्रीय हवाई अड्डों से संबंधित एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा, ‘‘वर्तमान में देश में 164 हवाई अड्डों से उड़ानों का परिचालन हो रहा है। भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है और वर्तमान में तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में