झारखंडः ईंधन कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर बस मालिकों के संघ ने 18 फीसदी किराया बढ़ाया

झारखंडः ईंधन कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर बस मालिकों के संघ ने 18 फीसदी किराया बढ़ाया

झारखंडः ईंधन कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर बस मालिकों के संघ ने 18 फीसदी किराया बढ़ाया
Modified Date: June 5, 2026 / 03:25 pm IST
Published Date: June 5, 2026 3:25 pm IST

रांची, पांच जून (भाषा) झारखंड में बस मालिकों के एक संघ ने ईंधन की बढ़ती लागत के कारण किराये में 18 प्रतिशत की वृद्धि की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डीजल की कीमतों के 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक होने के बाद यह निर्णय लिया गया।

‘झारखंड बस ओनर्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष अरुण बुधिया ने कहा, ‘हमने आखिरी बार एक जुलाई 2021 को बस किराये में बढ़ोतरी की थी। पिछले 59 महीनों में विभिन्न मार्गों पर नए टोल प्लाजा स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में संकट के कारण डीजल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो गई हैं। परिणामस्वरूप, बस मालिकों को नुकसान हो रहा है। इसलिए, हमने बस किराए में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।’

‘फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि अगर निकट भविष्य में डीजल, टायर और कल-पुर्जों की कीमतें कम होती हैं तो किराये में कमी आएगी।

नई दरों के अनुसार, रांची से गढ़वा जाने वाली बसों का किराया 400 रुपये से बढ़कर 470 रुपये हो गया है। इसी प्रकार, रांची से पलामू जाने वाले यात्रियों को अब 350 रुपये के बजाय 415 रुपये देने होंगे।

गुमला का किराया अब 200 रुपये से बढ़कर 240 रुपये हो गया है और सिमडेगा का किराया 230 रुपये से बढ़कर 270 रुपये हो गया है।

लंबी दूरी के मार्गों के किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। रांची से कोलकाता का किराया 500 रुपये से बढ़ाकर 590 रुपये किया गया है और रांची से पटना का किराया भी अब 590 रुपये है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में