रांची, 28 फरवरी (भाषा) झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित रोशनी खलखो रांची नगर निगम की महापौर निर्वाचित हुईं, जबकि कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में महापौर पद पर जीत दर्ज की।
एक अधिकारी के अनुसार रोशनी खलखो ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 मतों से हराया। रोशनी को 1,57,669 मत मिले, जबकि रमा को 1,43,306 मत प्राप्त हुए।
शनिवार को जीत के बाद रोशनी ने संवाददाताओं से कहा, “मैं रांची की जनता को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देती हूं। शहर के विकास के लिए मैं कोई कसर नहीं छोड़ूंगी।”
उन्होंने इसे बड़ी जीत बताते हुए कहा कि चुनाव भले ही पार्टी चिह्नों पर नहीं लड़ा गया, लेकिन भाजपा नेता तथा कार्यकर्ता उनकी जीत के लिए लगातार जुटे रहे।
महापौर पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। सभी 53 वार्ड पार्षदों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
मानगो नगर निगम में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को 18,602 मतों से पराजित किया। गुप्ता झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी हैं।
हजारीबाग नगर निगम में पत्रकार अरविंद राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित सरफराज को 4,657 मतों से हराकर महापौर पद जीता।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि राज्य के 48 नगर निकायों में शुक्रवार सुबह से मतगणना जारी है।
आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित भुगलू सोरेन को 7,795 मतों से हराकर महापौर पद हासिल किया।
पलामू जिले के मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3,122 मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार महापौर पद जीता।
शंकर को 24,169 मत मिले, जबकि त्रिपाठी को 21,047 मत प्राप्त हुए। झामुमो समर्थित पूनम सिंह 12,809 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाया।
गिरिडीह नगर निगम में झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा ने 38,091 मत प्राप्त कर महापौर पद जीता। उन्होंने भाजपा समर्थित डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी को 14,599 मतों से हराया जिन्हें 23,482 मत मिले।
देवघर नगर निगम में झामुमो समर्थित रवि राउत ने 24,719 मत हासिल कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रीता चौरसिया को 5,148 मतों के अंतर से पराजित किया। चौरसिया को 19,571 मत मिले।
धनबाद में दूसरे चरण की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा के बागी उम्मीदवार संजीव सिंह, झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल से आगे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने कहा, “मतगणना के शुरुआती चरण में मतपत्रों को अलग-अलग किया गया। पार्षदों तथा महापौर या अध्यक्ष के चुनाव के लिए क्रमशः सफेद और गुलाबी रंग के मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया।”
इन निकाय चुनावों में राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर मतदान नहीं हुआ, हालांकि उम्मीदवारों को विभिन्न दलों का समर्थन प्राप्त था।
नगर निकाय के लिए 23 फरवरी को हुए मतदान में कुल 43 लाख मतदाताओं में से 63 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के साथ-साथ नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के 1,042 वार्डों में पार्षदों के लिए मतदान हुआ।
कुल 1,087 वार्डों में से 1,042 में चुनाव हुए, क्योंकि 41 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए।
महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि वार्ड पार्षद पदों के लिए 2,727 महिलाओं समेत 5,562 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि