झारखंड: आठ लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अवैध विदेशी शराब जब्त, 12 गिरफ्तार

झारखंड: आठ लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अवैध विदेशी शराब जब्त, 12 गिरफ्तार

झारखंड: आठ लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अवैध विदेशी शराब जब्त, 12 गिरफ्तार
Modified Date: May 12, 2026 / 10:41 pm IST
Published Date: May 12, 2026 10:41 pm IST

रांची, 12 मई (भाषा) झारखंड पुलिस ने चार जिलों में अलग-अलग अभियानों में 8.85 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ और अवैध विदेशी शराब जब्त की तथा एक महिला सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रांची जिले में, पुलिस ने तीन थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी के दौरान 55 वर्षीय महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया और ब्राउन शुगर, गांजा, इंजेक्शन, गोलियां और नकदी जब्त की।

कोतवाली थाना के अपर पुलिस अधीक्षक निखिल राय ने बताया, ‘हमने शहर में कई स्थानों पर छापेमारी के दौरान एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। इन छापों के परिणामस्वरूप 47 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी कीमत 46 लाख रुपये से अधिक है। इसके साथ ही 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 25,000 रुपये है। इसके अलावा, 88 लाख रुपये नकदी, 20 इंजेक्शन और विभिन्न कंपनियों की 40 गोलियां भी बरामद की गईं।’’

चतरा जिले में एक अभियान में, पुलिस ने सोमवार को पथलगड्ढा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और 20.4 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की।

खूंटी जिले में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 426 ग्राम अफीम, एक हथियार, दो कारतूस, दो राउटर और चार मोबाइल फोन जब्त किए।

इसके अलावा, हजारीबाग जिले में पुलिस ने चार पहिया वाहन से अवैध विदेशी शराब की 128 बोतलें जब्त कीं और दो लोगों को गिरफ्तार किया।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में