झारखंड परीक्षा को लेकर जारी प्रदर्शन का 23वां दिन; मुख्यमंत्री और राहुल गांधी का पुतला जलाएंगे छात्र

Ads

झारखंड परीक्षा को लेकर जारी प्रदर्शन का 23वां दिन; मुख्यमंत्री और राहुल गांधी का पुतला जलाएंगे छात्र

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 11:48 AM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 11:48 AM IST

रांची, 16 अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ़ विरोध कर रहे छात्रों ने घोषणा की है कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 ज़िलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाएंगे। उनका आरोप है कि सत्ताधारी झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ‘‘ठोस कार्रवाई करने में नाकाम’’ रहा है।

‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के तहत जारी विरोध प्रदर्शन का रविवार को 23वां दिन है।

आंदोलनकारियों ने सत्तारूढ़ झाारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और घोषणा की कि वे सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 20 अगस्त को उनके आवास का घेराव करेंगे।

शनिवार को उन्होंने मांग की कि अगर ‘‘मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं’’ तो राहुल गांधी झामुमो नीत गठबंधन से समर्थन वापस ले लें।

उन्होंने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर और भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की अपनी मांग को लेकर शनिवार को रांची में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली।

हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारे लगाए।

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ‘‘हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। हम उनके इस्तीफ़े की मांग करते हैं क्योंकि झामुमो और कांग्रेस, दोनों ही हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं। हमारी यह भी मांग है कि अगर मुख्यमंत्री राहुल गांधी की बात नहीं सुन रहे हैं, तो उन्हें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।’’

प्रदर्शनकारियों ने पूरे झारखंड के छात्रों से अपील की कि वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के प्रस्तावित घेराव के लिए रांची में एकत्र हों।

उन्होंने गांधी को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन करने की बात तो कही, लेकिन उसके बाद ‘‘कोई ठोस कदम’’ नहीं उठाया गया।

भाषा

नेत्रपाल रंजन

रंजन

रंजन