उप्र: फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी

Ads

उप्र: फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 06:01 PM IST

अमेठी, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, जायस थाना क्षेत्र के पूरे तोमड़ गांव निवासी दिव्या (21) ने पांच वर्ष पहले कासिमपुर निवासी रमजान अली उर्फ फुलरु से प्रेम विवाह किया था।

पुलिस ने बताया कि रमजान अली पिछले एक वर्ष से विदेश में नौकरी कर रहा है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर दिव्या का शव ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतका की मां आरती देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोगों ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया।

देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले अक्सर उसे परेशान करते थे और मारते-पीटते थे।

जायस थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र