झारखंड: रामगढ़ में अवैध खदान में दम घुटने से चार लोगों की मौत

झारखंड: रामगढ़ में अवैध खदान में दम घुटने से चार लोगों की मौत

झारखंड: रामगढ़ में अवैध खदान में दम घुटने से चार लोगों की मौत
Modified Date: June 13, 2026 / 07:21 pm IST
Published Date: June 13, 2026 7:21 pm IST

रामगढ़ (झारखंड), 13 जून (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार को 40 फुट गहरी एक अवैध खदान में खनन के दौरान संदिग्ध रूप से दम घुटने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना रामगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अरगाडा के पास वन क्षेत्र में घटी।

रामगढ़ पुलिस थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि चारों शव खदान से बरामद करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि खदान के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी मृत्यु हुई है। घटना की जांच की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र के छोटकी टोंगी गांव निवासी देव बेदिया (30) और डबलू बेदिया (36), रामगढ़ जिले के बुध बाजार के निवासी किशोर रवानी (33) और आशीष कुमार नटवर के रूप में हुई है।

‘सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड’ (सीसीएल) के अरगाडा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना स्थल सीसीएल के कमांड क्षेत्र से बाहर है।

उन्होंने बताया कि सीसीएल के पट्टे वाले क्षेत्र से बाहर वन भूमि में स्थित लगभग 40 फुट गहरी अनधिकृत खदान में ऑक्सीजन की कमी के कारण चार ग्रामीण बेहोश हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में