जमशेदपुर (झारखंड), 27 अगस्त (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में रहने वाले नेपाली समुदाय के लोगों ने नेपाल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री जुटाना शुरू कर दिया है।
नेपाली सेवा समिति (एनएसएस) के अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने बताया कि समुदाय के सदस्य नेपाल में रह रहे अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम जानने की कोशिश कर रहे हैं।
दमाई ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘फिलहाल जमशेदपुर में रहने वाले नेपाली समुदाय के किसी भी परिवार का सदस्य प्रभावित नहीं हुआ है। इस्पात नगरी में रहने वाले नेपाली लोगों के ज्यादातर रिश्तेदार हिमालयी देश के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमने नेपाल में आई आपदा के लिए नकद और अन्य प्रकार की राहत सामग्री जुटाने का फैसला किया है। जरूरत पड़ने पर हम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके राहत अभियान में भी हिस्सा लेंगे।’
दमाई ने कहा कि नेपाल इस समय भीषण त्रासदी से गुजर रहा है और जमशेदपुर का नेपाली समुदाय इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में करीब 9,000 नेपाली रहते हैं और उन्होंने समुदाय के लोगों से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 270 हो गई है और इस त्रासदी में 288 भारतीय पर्यटकों समेत सैंकड़ों लोग लापता हैं जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष