झारखंड : सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया
झारखंड : सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया
चाईबासा, 29 अप्रैल (भाषा) झारखंड में पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान वन क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई गोलीबारी में एक माओवादी मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(माओवादी) की सागेन अंगारिया इकाई के सदस्य इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत का शव मिला।
रेणु ने बताया, ‘‘मारे गए माओवादी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।’’
पुलिस अधीक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने गोइलकेरा और टोंटो पुलिस थाना क्षेत्रों की सीमा से लगे वन क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया और इसी दौरान गोलीबारी हुई।
उन्होंने बताया, ‘‘गोइलकेरा और टोंटो पुलिस थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित बोरोई के पास रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। फिलहाल यह पता लगाना मुश्किल है कि मुठभेड़ में माओवादियों का कौन सा समूह शामिल है।’’
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत में मुठभेड़ों में क्षेत्र के कई शीर्ष माओवादी नेताओं के मारे जाने के बाद, केवल भाकपा (माओवादी) पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा अपने साथियों के साथ इलाके में सक्रिय है और उसपर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘हम वाम चरमपंथियों के खिलाफ अपना गहन अभियान तब तक जारी रखेंगे जब तक कि उन्हें इस क्षेत्र से पूरी तरह से खदेड़ नहीं दिया जाता।’’
सूत्रों के अनुसार, शव मिलने वाली जगह के पास से एक राइफल भी बरामद की गई है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


