झारखंड: जेईई परीक्षा से पहले कंप्यूटर में ‘छेड़छाड़’ के मामले में जांच के आदेश, तीन गिरफ्तार

झारखंड: जेईई परीक्षा से पहले कंप्यूटर में ‘छेड़छाड़’ के मामले में जांच के आदेश, तीन गिरफ्तार

झारखंड: जेईई परीक्षा से पहले कंप्यूटर में ‘छेड़छाड़’ के मामले में जांच के आदेश, तीन गिरफ्तार
Modified Date: March 31, 2026 / 10:06 pm IST
Published Date: March 31, 2026 10:06 pm IST

रामगढ़ (झारखंड), 31 मार्च (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिला प्रशासन ने दो अप्रैल को होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) में इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटर सेट में कथित छेड़छाड़ की जांच के आदेश दिए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

यह कार्रवाई जिले के एक निजी संस्थान राधा गोविंद विश्वविद्यालय (आरजीयू) द्वारा रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद की गई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि जेईई (मेन) परीक्षा से पहले कुछ लोगों द्वारा उसके कंप्यूटर सेट में छेड़छाड़ की गई।

रामगढ़ के उपायुक्त (डीसी) फैज अक अहमद मुमताज ने बताया कि जेईई परीक्षा केंद्रों में से एक आरजीयू की शिकायत के बाद पुलिस ने विश्वविद्यालय के एक कंप्यूटर ऑपरेटर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर विश्वविद्यालय की कंप्यूटर लैब में सिस्टम में हेरफेर करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि सिस्टम में हेरफेर में इन लोगों के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में इस मामले की जांच का आदेश दिया है और उनसे जल्द से जल्द जांच के निष्कर्ष प्रस्तुत करने को कहा है।’’

यह घटना 29 मार्च की है, जब विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने कंप्यूटर प्रयोगशाला में कुछ संदिग्ध गतिविधियों को देखा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब उसने उनसे पूछताछ की, तो आरोपियों ने दावा किया कि वे एक अधिकृत कंपनी के तकनीकी कर्मचारी हैं, जो परीक्षा आयोजित कर रही है।

रामगढ़ थाने के प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने 29 मार्च की शाम को दिनेश कुमार महतो, सूरज कुमार सिंह और शाकिर अंसारी नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में