झारखंड: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

झारखंड: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

झारखंड: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत
Modified Date: May 27, 2026 / 02:50 pm IST
Published Date: May 27, 2026 2:50 pm IST

हजारीबाग, 27 मई (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में एक सेप्टिक टैंक में छिपा कर रखी गई अवैध शराब को निकालने के प्रयास के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस के संपर्क में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद गांव में हुई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान चमेली देवी (50), उनके बेटे रवि कुमार (25) और उनके रिश्तेदार मदन साओ (30) के रूप में हुई है।

इस संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने अवैध शराब बरामद करने के लिए पुलिस ने चमेली के घर पर छापा मारा।

कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज कुमार ने बताया, ‘‘छापेमारी के बाद महिला सेप्टिक टैंक में छिपा कर रखी गई शराब निकालने गई थी लेकिन वह उसी में बेहोश हो गई। इसके बाद अन्य दो लोग उसे बचाने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गए।’’

कुमार ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों व्यक्तियों की मौत सेप्टिक टैंक से महुआ शराब निकालने की कोशिश के दौरान दम घुटने से हुई।

उन्होंने बताया कि मृतकों के शव मंगलवार रात करीब नौ बजे टैंक से बरामद कर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसबीएमसीएच) में पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

भाषा प्रचेता आशीष

आशीष


लेखक के बारे में