झारखंड : अज्ञात बदमाशों ने महिला को गोली मारी, तीन लाख रुपये लूटे
झारखंड : अज्ञात बदमाशों ने महिला को गोली मारी, तीन लाख रुपये लूटे
मेदिनीनगर, 13 अप्रैल (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को अज्ञात बदमाशों ने एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालिका को कथित रूप से गोली मार दी और उसके पास से तीन लाख रुपये लूट लिये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सीएससी संचालक आधार अद्यतन से लेकर, जन्म एवं जाति प्रमाण पत्र जारी करने तक तथा बैंकिंग और बीमा जैसी विभिन्न जनसेवाएं प्रदान करते हैं।
घायल महिला की पहचान शमा परवीन के रूप में हुई है, जिन्हें लातेहार जिले के बरवाडीह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुतर में उस समय हुई, जब परवीन अपने पति के साथ नियमित कार्य के लिए सीएससी जा रही थीं। सीएससी को प्रज्ञा केंद्र भी कहा जाता है।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने दंपति को रोककर लूटपाट करने की कोशिश की।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने कहा, ‘‘विरोध करने पर अपराधियों ने गोलियां चलाईं। सीएससी संचालिका के पैर में गोली लगी, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए। बदमाश परवीन के पास से तीन लाख रुपये के नोट से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


