जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी

Ads

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 03:25 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 03:25 PM IST

श्रीनगर, लेह, 17 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें बधाई दीं।

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।’

लेह में सक्सेना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा दिवस’ के अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक ‘पदयात्रा’ का नेतृत्व किया।

जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल सिन्हा ने कहा कि आत्मनिर्भर, विकसित और प्रगतिशील नए भारत को आकार देने में मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व सभी को प्रेरित करता है।

सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आत्मनिर्भर, विकसित और प्रगतिशील नए भारत को आकार देने में आपका दूरदर्शी नेतृत्व हम सभी को प्रेरित करता है। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन की कामना करता हूं, क्योंकि देश मिलकर आपकी महान दूरदर्शी सोच को पूरा करने की कोशिश कर रहा है।’

सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा कि देश खुशकिस्मत है कि उसे मोदी जैसा नेता मिला है।

उन्होंने कहा, ‘देश का ‘फ्रैजाइल फाइव’ (कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं) से शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने का सफर निश्चित रूप से एक सुखद और प्रेरणादायक कहानी है। भारत की मौजूदा आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत है, जिससे इसे दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में पहचान मिली है।’

लेह में, नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए लगभग 1,500 नागरिकों ने हिस्सा लिया, जिनमें छात्र और समुदाय के नेता भी शामिल थे।

लद्दाख के उप-राज्यपाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर मनाए जा रहे ‘सेवा दिवस’ पर, ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत लेह शहर में लगभग 1,500 नागरिकों (जिनमें छात्र और समुदाय के नेता शामिल थे) के साथ एक पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा का मकसद मादक पदार्थों की समस्या के खिलाफ जागरूकता फैलाना था।’

इससे पहले जन्मदिन के एक संदेश में, सक्सेना ने प्रधानमंत्री को बधाई दी और उनके नेतृत्व तथा हाशिए पर मौजूद वर्गों के कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की तारीफ की।

भाषा

राखी नरेश

नरेश