जम्मू-कश्मीर: कठुआ में सुरक्षा समीक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया
जम्मू-कश्मीर: कठुआ में सुरक्षा समीक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया
जम्मू, 25 मार्च (भाषा) कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहिता शर्मा ने बुधवार को जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा समीक्षा की और क्षेत्र का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने पुलिस को इन इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए लगातार तलाशी अभियान चलाने का निर्देश भी दिया।
अभियान अधिकारियों के साथ पहुंचीं कठुआ एसएसपी ने जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ लगे कई सीमा पुलिस चौकियों और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य जमीनी तैयारियों का आकलन करना और क्षेत्र में तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा करना था।
उन्होंने संवेदनशील हरिया चक नर्सरी क्षेत्र में भी गश्त की, जहां एसएसपी ने संदिग्ध तत्वों की उपस्थिति का पता लगाने के लिए नियमित तलाशी के निर्देश दिए।
हरिया चक सीमा पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान, शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि वास्तविक समय की निगरानी को बढ़ाने के लिए सभी सीमा पुलिस चौकियों और नाका पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर क्षेत्र में निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने वास्तविक समय में सूचना साझा करने के लिए निवासियों के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
टीम ने बाद में महाराजपुर सीमा पुलिस चौकी का दौरा किया और वहां जारी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि कठुआ पुलिस ने पुलिस सक्रियता बढ़ाने, बेहतर निगरानी और मजबूत अंतर-एजेंसी समन्वय के माध्यम से सीमावर्ती जिले में सुरक्षा बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि

Facebook


