उदयपुर में जौहरी की पुलिस हिरासत में मौत का मामला, चार पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

उदयपुर में जौहरी की पुलिस हिरासत में मौत का मामला, चार पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - August 5, 2025 / 09:00 PM IST,
    Updated On - August 5, 2025 / 09:00 PM IST

उदयपुर, पांच अगस्त (भाषा) उदयपुर जिले में एक जौहरी की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत के बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सोमवार शाम को हिरासत में हुई इस मौत के बाद मंगलवार को नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान सुरेश पांचाल के रूप में हुई है जिसे चोरी के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। वह डूंगरपुर के बिछीवाड़ा का रहने वाला था। उसकी सोमवार देर शाम पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पांचाल की मौत से इलाके में तनाव फैल गया। पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ऋषभदेव थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने बताया कि पांचाल थाने में बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

दूसरी ओर, परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने हिरासत में यातना का आरोप लगाया है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने उन चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है जो पांचाल को बिछीवाड़ा से थाने ले गए थे।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब