ओडिशा में कनिष्ठ शिक्षकों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया

ओडिशा में कनिष्ठ शिक्षकों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया

ओडिशा में कनिष्ठ शिक्षकों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया
Modified Date: September 17, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: September 17, 2026 6:56 pm IST

भुवनेश्वर, 17 सितंबर (भाषा) ओडिशा के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत हजारों कनिष्ठ शिक्षकों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर में विरोध प्रदर्शन किया।

अपनी मांगों के समर्थन में पोस्टर और बैनर लिए तथा नारेबाजी करते हुए लगभग 13,000 कनिष्ठ शिक्षकों ने महात्मा गांधी मार्ग पर विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने अपने पदों को तत्काल नियमित करने और कनिष्ठ शिक्षकों के लिए अनुबंध आधारित नियुक्ति प्रणाली को समाप्त करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी किए जाने के बावजूद उन्हें नियमितीकरण का लाभ नहीं मिला है क्योंकि यह मामला वर्तमान में कानूनी प्रक्रिया के अधीन है।

एक प्रदर्शनकारी शिक्षक ने बताया कि इससे पहले शिक्षकों के एक विरोध प्रदर्शन के बाद ओडिशा सरकार उनकी मांग पर सहमत हो गई थी और स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग ने नियमितीकरण को लागू करने के लिए दो अप्रैल को एक अधिसूचना जारी की थी।

उन्होंने बताया कि हालांकि, ओडिशा उच्च न्यायालय ने 14 अप्रैल को उनकी नौकरियों के नियमितीकरण पर रोक लगा दी थी और राज्य सरकार से इस प्रक्रिया के लिए निर्धारित मानदंडों का विवरण देते हुए एक हलफनामा मांगा था।

उन्होंने कहा, ‘अदालत के निर्देश को पांच महीने बीत चुके हैं लेकिन सरकार ने अभी तक अदालत के आदेश का कोई जवाब नहीं दिया है। इस देरी की वजह से हमें परेशानी हो रही है।’

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश को हटवाने और नियमितीकरण की प्रक्रिया को लागू करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

उन्होंने मांगें पूरी न होने पर अपना प्रदर्शन और तेज करने की चेतावनी दी है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में