कैलाश हिल्स मामला: स्थानीय लोगों ने वारदात से कुछ समय पहले आरोपी को देखा था

कैलाश हिल्स मामला: स्थानीय लोगों ने वारदात से कुछ समय पहले आरोपी को देखा था

कैलाश हिल्स मामला: स्थानीय लोगों ने वारदात से कुछ समय पहले आरोपी को देखा था
Modified Date: April 23, 2026 / 12:51 am IST
Published Date: April 23, 2026 12:51 am IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बलात्कार के बाद हत्या करने की सनसनीखेज वारदात के 19 वर्षीय आरोपी को बुधवार तड़के घटना से पहले पीड़िता के आवास के पास देखा गया था। स्थानीय लोगों ने यह दावा किया।

आरोपी राहुल मीणा पहले पीड़िता के आवास में घरेलू सहायक था, लेकिन करीब एक पहले उसे काम से निकाल दिया गया था।

इलाके के एक दुकानदार ने बताया, ‘उन्होंने उससे पूछा कि वह वहां क्यों आया है क्योंकि उसे पहले ही काम से निकाल दिया गया था। उसने उनसे कहा कि वह इलाके में काम की तलाश कर रहा है और यह पूछने आया है कि क्या कोई काम है।’

दुकानदार ने कहा कि सुबह छह बजे कुछ चालकों ने राहुल को पहचान लिया था, और यहां आने का उसका कारण पूछा था।

दुकानदार के अनुसार, इलाके में काम करने वाले चालकों और कार क्लीनर द्वारा सुबह करीब छह बजे आरोपी को पीड़िता के घर के पास देखा गया था।

पुलिस को संदेह है कि राहुल कथित तौर पर तब घर में घुसा जब युवती अकेली थी।

पुलिस ने शाम में बताया कि इस मामले में घर के पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा (19) को गिरफ्तार किया गया है जिसने घर में करीब आठ महीने तक काम किया था।

पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने जिम से लौटने के बाद युवती को कमरे में मृत पाया।

इसने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रही युवती घटना के वक्त घर में अकेली थी।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जर के केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

निवासियों ने कहा कि इस घटना ने इस कॉलोनी में सुरक्षा की गंभीर चिंताओं को उजागर कर दिया है।

स्थानीय निवासी सुमित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हालांकि इस इलाके को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन जिस इमारत में पीड़िता और उसका परिवार रहता था, वहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था।

उन्होंने कहा, ‘कॉलोनी में गेट लगे है, लेकिन इस विशेष इमारत के लिए कोई गार्ड नहीं है। यहां के ज्यादातर अन्य घरों में निजी सुरक्षा गार्ड हैं। पहले भी चोरी की दो-तीन घटनाएं हुई थीं, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि इतना भयानक कुछ हो सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘मेरे घर में एक बेटी और एक बहू है। अगर सुबह के समय घर के अंदर ऐसा कुछ हो सकता है, तो लोग स्वाभाविक रूप से इस बात से डरे हुए हैं कि रात में क्या हो सकता है।’

भाषा नोमान रंजन

रंजन


लेखक के बारे में