कंगना रनौत ने नंदीग्राम में रोडशो किया

कंगना रनौत ने नंदीग्राम में रोडशो किया

कंगना रनौत ने नंदीग्राम में रोडशो किया
Modified Date: April 19, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: April 19, 2026 10:31 pm IST

कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बनीं कंगना रनौत ने रविवार को नंदीग्राम में भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में एक रोडशो किया।

हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद रनौत पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम पहुंचीं और लगभग एक किलोमीटर लंबे रोडशो में शामिल हुईं। रनौत पार्टी नेताओं के साथ एक प्रचार वाहन में सवार होकर निकलीं और रास्ते भर उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ा।

यह रोडशो इस निर्वाचन क्षेत्र में मतदान से कुछ ही दिन पहले हुआ और राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

नंदीग्राम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट बनी हुई है, जो 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के बाद से और हाल में हुए चुनावी मुकाबले के कारण राज्य की राजनीति का केंद्र रही है।

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 1956 वोट से हराया था। इस बार के चुनाव में, राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने उनके पूर्व सहयोगी पबित्रा कर को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है, जिससे इस निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक दिलचस्पी और बढ़ गई है।

रनौत ने पत्रकारों से बात करते हुए नंदीग्राम के साथ ही राज्य के अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा की शानदार जीत का पूर्वानुमान जताया।

उन्होंने कहा, “नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण के विरोध में आंदोलनों का एक लंबा इतिहास रहा है, जिसमें शुभेंदु अधिकारी अग्रणी भूमिका में थे। सड़क पर लोगों का उत्साह देखिए। शुभेंदु जी एक बार फिर भारी अंतर से जीतेंगे। भाजपा अधिकांश सीट जीतेगी क्योंकि लोग ममता दीदी के कुशासन से निराश हैं, जो शासन के हर पहलू में विफल रही हैं।”

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में