उप्र : कानपुर में विमान दुर्घटना, प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत

उप्र : कानपुर में विमान दुर्घटना, प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत

उप्र : कानपुर में विमान दुर्घटना, प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत
Modified Date: August 27, 2026 / 01:59 pm IST
Published Date: August 27, 2026 1:59 pm IST

कानपुर (उप्र), 27 अगस्त (भाषा) कानपुर में बृहस्पतिवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार एक प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया कि गंगा के किनारे नाथपुरवा गांव के पास इटली में बने ‘टेक्नम’ प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उस पर सवार गुजरात के निवासी प्रशिक्षक सचिन भाटिया और कर्नाटक के प्रशिक्षु पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गयी।

लाल ने बताया कि ‘गर्ग एविएशन’ द्वारा संचालित इस विमान ने पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग 20 मिनट के बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

उन्होंने बताया कि भाटिया को करीब तीन हजार घंटे उड़ान भरने का अनुभव था।

लाल ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच के लिए सुबूत सुरक्षित रखने के मकसद से मलबे को कब्जे में ले लिया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नागर उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) दुर्घटना का शिकार हुए विमान की उड़ने की क्षमता, रखरखाव के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच करेगा।

दुर्घटनास्थल के एक कथित वायरल वीडियो में विमान का मलबा आसपास बिखरा नजर आ रहा है और मलबे के बाहर एक सीट भी देखी गयी।

सूत्रों के मुताबिक, यह विमान वर्ष 2023 से ‘गर्ग एविएशन’ के पास था और कंपनी का दावा है कि उसका सही तरीके से रखरखाव किया गया था।

भाषा सं. सलीम मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में