कर्नाटक को 2028 तक मादक पदार्थ मुक्त करने का लक्ष्य : शिवकुमार

कर्नाटक को 2028 तक मादक पदार्थ मुक्त करने का लक्ष्य : शिवकुमार

कर्नाटक को 2028 तक मादक पदार्थ मुक्त करने का लक्ष्य : शिवकुमार
Modified Date: June 30, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: June 30, 2026 8:38 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

बेंगलुरु, 30 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य 2028 तक राज्य को मादक पदार्थ से मुक्त बनाना है। उन्होंने जनता, खासकर युवाओं और छात्रों से इस समस्या को खत्म करने में सहयोग करने की अपील की।

वह कर्नाटक पुलिस द्वारा आयोजित ‘‘ मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस’ कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य 2028 तक कर्नाटक को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से मुक्त बनाना है। हमने इसे हासिल करने का संकल्प लिया है। अगर जनता, युवा और छात्र सरकार का साथ दें, तो हम इस समस्या को खत्म कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संदेश है: नशा छोड़ें, खुशियां चुनें। हमें अपने आदर्श खुद तय करने होंगे। आज हमने जो संकल्प लिया है, वह जीवन भर हमारे साथ रहना चाहिए।’’

शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमें अपने आस-पास इस मुद्दे के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए। कई लोग हमें बुरी आदतें अपनाने के लिए मजबूर करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन छात्रों और युवाओं को उनके दबाव में नहीं आना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग ने सरकार को पान मसाला और गुटखा उत्पादों में मादक पदार्थ मिलाने की कथित घटना के बारे में आगाह किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि फोन-आधारित डिलीवरी नेटवर्क के जरिए सीधे घरों तक मादक पदार्थ पहुंचाए जा रहे हैं। जो कोई भी पान मसाला या गुटखे में मादक पदार्थ मिलाते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

इस अवसर पर कर्नाटक सरकार ने मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए ‘ऑपरेशन राइज’ और ‘बेड़ा ब्रो’ (कहो नहीं भाई) अभियान शुरू किया। इन अभियानों का उद्देश्य सरकार के सभी विभागों को साथ लेकर एक समग्र दृष्टिकोण अपनाना है।

‘ऑपरेशन राइज’ -अंग्रेजी वर्तनी आरआईएसई के आधार पर आर यानी रिफ्यूज (इनकार), आई से इंफार्म (सूचित करें), एस से सपोर्ट (यानी पीड़ितों का समर्थन करें)और ई से इम्पॉवर ( यानी पीड़ितों को सशक्त )- एक व्यापक और समन्वित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी और उनके दुरुपयोग से निपटने के लिए शुरू की गई पहल है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में