कर्नाटक उपचुनाव: बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण में शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज
कर्नाटक उपचुनाव: बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण में शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज
बेंगलुरु, नौ अप्रैल (भाषा) कर्नाटक की दोनों विधानसभा सीटों पर बृहस्पतिवार को हुए उपचुनावों में शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
बागलकोट में 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दावणगेरे दक्षिण में 63.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
कांग्रेस के सामने जहां दोनों सीट को बरकरार रखने की चुनौती है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का इरादा इन सीट को सत्तारूढ़ पार्टी से छीनकर उसे झटका देना है।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती (बागलकोट) और शमनूर शिवशंकरप्पा (दावणगेरे दक्षिण) के निधन के कारण चुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
बागलकोट सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा ने पूर्व विधायक और 2023 में पराजित उम्मीदवार वीरभद्रय्या चरंतिमठ को बागलकोट से और एक नया चेहरा श्रीनिवास टी दासकरियप्पा को दावणगेरे दक्षिण से मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में दिवंगत विधायकों के परिवार के सदस्यों को टिकट दिया है। बागलकोट से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश मेती, एच वाई मेती के पुत्र हैं, जबकि दावणगेरे दक्षिण से उम्मीदवार समर्थ मल्लिकार्जुन, शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते हैं।
मतगणना चार मई को होगी। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


