कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार मेट्रो से पहुंचे कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार मेट्रो से पहुंचे कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार मेट्रो से पहुंचे कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र
Modified Date: June 7, 2026 / 12:01 pm IST
Published Date: June 7, 2026 12:01 pm IST

बेंगलुरु, सात जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित ‘‘कृतज्ञता यात्रा’’ में भाग लेने के लिए कनकपुरा जाते समय मेट्रो रेल से यात्रा करते नजर आए।

मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवकुमार की बेंगलुरु दक्षिण जिले में स्थित कनकपुरा की यह पहली यात्रा है।

मेट्रो में सवार होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘लोग मुझे मेरे पैतृक गांव डोड्डालहल्ली से यहां तक लेकर आए हैं। डोड्डालहल्ली, सथानूर (मेरा पूर्व विधानसभा क्षेत्र), कनकपुरा और बेंगलुरु दक्षिण के लोगों ने मुझे यहां तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद वहां के लोग मुझसे मिलना चाहते थे, लेकिन मैं उन्हें समय नहीं दे पा रहा था। जो लोग यहां मिलने आते थे, वे भी नहीं मिल पाते थे। मैंने भी उनसे बेंगलुरु नहीं आने का अनुरोध किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा था कि मैं खुद उनसे मिलने आऊंगा। इसलिए मुख्यमंत्री बनने के बाद मेरी पहली यात्रा अपने विधानसभा क्षेत्र की है, जहां मैं अपने लोगों से मिलकर उनका आभार व्यक्त करूंगा। पिछले 40 वर्षों से जिन्होंने मुझे राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाया, उनके प्रति कृतज्ञता जताना मेरा कर्तव्य है।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे के दौरान लोगों से मिलने के लिए लगभग 20-25 स्थान चिह्नित किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं लोगों से मिलने और उनके कार्यों को पूरा कराने के लिए अलग से अधिकारियों की नियुक्ति करूंगा। वहां के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं। उनकी सेवा करना मेरा कर्तव्य है।’’

यात्रा के दौरान शिवकुमार ने सहयात्रियों का अभिवादन किया और यात्रियों से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री शिवकुमार ने बेंगलुरुवासियों को असुविधा से बचाने के लिए मेट्रो से यात्रा करने का फैसला किया।

शिवकुमार ने विधान सौध मेट्रो स्टेशन से ट्रेन पकड़ी और कनकपुरा रोड के अंतिम स्टेशन तक यात्रा की। वहां से वह सड़क मार्ग से कनकपुरा रवाना हुए।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि शिवकुमार ने यह निर्णय इसलिए लिया क्योंकि उनके सदाशिवनगर स्थित आवास से कनकपुरा रोड तक सड़क मार्ग से जाने पर सामान्य यातायात प्रभावित होता।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में