कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इस्तीफा देने का फैसला किया है: कांग्रेस विधायक देशपांडे
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इस्तीफा देने का फैसला किया है: कांग्रेस विधायक देशपांडे
बेंगलुरु, 27 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और कर्नाटक प्रशासनिक सुधार आयोग के अध्यक्ष आर. वी. देशपांडे ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उनसे कहा है कि उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है।
मुख्यमंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात करने वाले पूर्व मंत्री देशपांडे ने बताया कि जब कुछ विधायकों ने सिद्धरमैया से इस्तीफा न देने का आग्रह किया, तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि उन्होंने आलाकमान को जुबान दी है और वह इसका सम्मान करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कई मंत्रियों और विधायकों ने सिद्धरमैया के आवास पर उनसे मुलाकात की और चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस्तीफा न देने का आग्रह किया और कहा कि वे इस मामले पर पार्टी आलाकमान से बात करेंगे।
खबरों के अनुसार, कुछ नेताओं ने इस मुद्दे पर विधायक दल की बैठक में चर्चा करने का भी सुझाव दिया, लेकिन सिद्धरमैया ने ऐसे किसी भी सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी।
देशपांडे ने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री के साथ था। उन्होंने कहा, ‘मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है।’ उन्होंने इस्तीफा देने का मन बना लिया है। मैंने उनसे यह नहीं पूछा कि वह इस्तीफा क्यों दे रहे हैं। हमने उन्हें मनाने की कोशिश की और कहा कि आप पद पर क्यों नहीं बने रहते?’
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार या उसके अगले दिन इस्तीफा दे सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘हमने कहा कि यह फैसला हमारे लिए आश्चर्यजनक है, लेकिन उन्होंने कहा, ‘नहीं, मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है।’ वहां मौजूद विधायक चाहते थे कि वह पद पर बने रहें, लेकिन उन्होंने कहा कि वह आलाकमान को वचन दे चुके हैं और उसका सम्मान करेंगे। मैंने उनसे कहा कि अगर वह बने रहें तो बेहतर होगा, लेकिन उन्होंने कहा कि वह आलाकमान के प्रति प्रतिबद्ध हैं और इसलिए इस्तीफा दे रहे हैं।’
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने सिद्धरमैया से इस्तीफे का कारण पूछा, देशपांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि इस संबंध में दिल्ली में चर्चा हुई थी।
एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि उन्हें पद पर बने रहना चाहिए, लेकिन फैसला उन्हें ही करना है।’
यह पूछे जाने पर कि क्या वह डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व वाले नये मंत्रिमंडल में शामिल होंगे, वरिष्ठ विधायक ने कहा कि अगर शिवकुमार को मुख्यमंत्री चुना जाता है, तो यह फैसला उन पर और आलाकमान पर निर्भर करता है।
यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री उदास थे, उन्होंने कहा, ‘नहीं… उदास क्यों होंगे?’
बुधवार को मुख्यमंत्री से मिलने वालों में मंत्री एच. सी. महादेवप्पा, ज़मीर अहमद खान, ईश्वर खंड्रे, संतोष लाड और के. जे. जॉर्ज के अलावा विधायक नंजेगौड़ा, बी. नागेंद्र, उमेश मेती, ए. एस. पोन्नन्ना और सलीम अहमद समेत अन्य नेता शामिल थे।
ऐसी तीव्र अटकलें हैं कि सिद्धरमैया अपने उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के लिए रास्ता साफ करने के उद्देश्य से एक-दो दिनों में संभवतः बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा कर देंगे।
उन्होंने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है और वह बृहस्पतिवार को अपने आधिकारिक आवास पर मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों के लिए नाश्ते की मेजबानी कर रहे हैं।
यह घटनाक्रम उन खबरों के बाद सामने आया है जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धरमैया से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करने को कहा है और उन्हें राज्यसभा सीट सहित पार्टी में केंद्रीय भूमिका की पेशकश की है। बताया जा रहा है कि सिद्धरमैया ने इस पेशकश को तुरंत स्वीकार नहीं किया है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


