कर्नाटक : खरगे को रिपोर्ट सौंपेंगे कांग्रेस के पर्यवेक्षक

कर्नाटक : खरगे को रिपोर्ट सौंपेंगे कांग्रेस के पर्यवेक्षक

कर्नाटक :  खरगे को रिपोर्ट सौंपेंगे कांग्रेस के पर्यवेक्षक
Modified Date: May 15, 2023 / 12:01 pm IST
Published Date: May 15, 2023 12:01 pm IST

नयी दिल्ली/बेंगलुरु 15 मई (भाषा) कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल के नेता के संदर्भ में विधायकों की राय जानने के लिए बेंगलुरु भेजे गए पार्टी के तीनों पर्यवेक्षक सोमवार को दिल्ली लौट आए और अब वे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुनने के लिए वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। तीनों पर्यवेक्षकों ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से अलग-अलग बात कर उनकी राय जानी।

यह तीनों पर्यवेक्षक और पार्टी महासचिव एवं कांग्रेस के कर्नाटक मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला दिल्ली पहुंच गए हैं।

रविवार रात बेंगलुरु के एक होटल में पर्यवेक्षकों ने रात्रिभोज के बाद विधायकों से अलग-अलग उनकी राय जानी कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

कर्नाटक के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने रविवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया था।

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की रविवार शाम बेंगलुरु के एक निजी होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया, जो कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।

राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीटें अपने नाम कीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीटें जीतीं।

भाषा हक सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में