कर्नाटक के राज्यपाल ने राज्य सरकार से उच्च शिक्षा के लिए बजट बढ़ाने का आग्रह किया
कर्नाटक के राज्यपाल ने राज्य सरकार से उच्च शिक्षा के लिए बजट बढ़ाने का आग्रह किया
बेंगलुरु, 22 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने राज्य सरकार से आगामी बजट में उच्च शिक्षा विभाग को वित्तीय समर्थन बढ़ाए जाने का आग्रह किया है।
लोक भवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग और कर्नाटक उच्च शिक्षा परिषद के सहयोग से लोक भवन द्वारा शनिवार को आयोजित ‘कर्नाटक राज्य सरकारी विश्वविद्यालय कुलपति सम्मेलन-2026’ की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि सरकारी विश्वविद्यालयों को संरचित और निरंतर वित्तीय सहायता की आवश्यकता है।
विज्ञप्ति में गहलोत के हवाले से कहा गया, ‘‘विश्वविद्यालयों के पास आंतरिक राजस्व के सीमित स्रोत होते हैं, इसलिए उन्हें विशेष वित्तीय सहयोग एवं संरचित बजटीय सहायता की आवश्यकता होती है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि छह मार्च का राज्य बजट उच्च शिक्षा के लिए अधिक लाभकारी हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
राज्यपाल ने सम्मेलन में मुख्यमंत्री की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की और विश्वास जताया कि आगामी बजट में उच्च शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से कर्नाटक राज्य डॉ. गंगूबाई हंगल संगीत एवं प्रदर्शन कला विश्वविद्यालय, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, कन्नड़ विश्वविद्यालय, कर्नाटक जनपद विश्वविद्यालय और डॉ. बी.आर. आंबेडकर अर्थशास्त्र विद्यालय जैसे संस्थानों में काफी समय से रिक्त पड़े पदों को भरने और इनके विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किए जाने की मांग की।
उन्होंने सरकारी संस्थानों में दाखिलों की संख्या बढ़ाए जाने और यह पता लगाने का आह्वान किया कि छात्र अधिक फीस के बावजूद निजी विश्वविद्यालयों को क्यों पसंद करते हैं।
भाषा सिम्मी गोला
गोला

Facebook


