कर्नाटक : उडुपी में एलपीजी टैंकर पलटा, कोई नुकसान नहीं
कर्नाटक : उडुपी में एलपीजी टैंकर पलटा, कोई नुकसान नहीं
उडुपी, 16 मार्च (भाषा) कर्नाटक के उडुपी जिले में कटपडी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एलपीजी का एक टैंकर पलट गया जिससे क्षेत्र के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, एलपीजी लेकर यह टैंकर मंगलुरु से उडुपी की ओर आ रहा था। तभी राजमार्ग के पास मोड़ पर चालक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया जिससे टैंकर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह टैंकर सड़क के किनारे पलटा जिससे गैस लीक होने और विस्फोट होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर एहतियाती उपाय किए।
अधिकारियों ने कहा कि बचाव टीम ने टैंकर पर पानी का छिड़काव किया और कंटेनर से किसी प्रकार के लीकेज की जांच की। इस घटना से यातायात कुछ समय तक बाधित रहा। इस घटना में किसी तरह के जानमाल की सूचना नहीं है। पलटे हुए टैंकर से गैस दूसरे वाहन में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


