कर्नाटक: व्यक्ति ने कार में आग लगाकर महिला शिक्षक की हत्या की

कर्नाटक: व्यक्ति ने कार में आग लगाकर महिला शिक्षक की हत्या की

कर्नाटक: व्यक्ति ने कार में आग लगाकर महिला शिक्षक की हत्या की
Modified Date: May 5, 2026 / 09:32 pm IST
Published Date: May 5, 2026 9:32 pm IST

बेंगलुरु, पांच मई (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु में एक व्यक्ति ने कार में आग लगाकर उसमें सवार एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कथित हत्या को अंजाम देने वाले व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव रेलवे पुलिस को रविवार को बिदादी में रेलवे पटरी के पास मिला।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान डोड्डाबल्लापुरा निवासी रामनजिनप्पा (46) के रूप में हुई है। वह तहसीलदार के कार्यालय में संविदा कर्मचारी था।

पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु के बाहरी इलाके में डोड्डाबल्लापुरा तालुका में बाशेट्टी औद्योगिक क्षेत्र के पास एक सुनसान इलाके में एक जली हुई कार मिली और उससे महिला का जला हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि मृतका की पहचान सरोजा के रूप में हुई है, वह विवाहित थी और उसका एक बेटा भी है।

पुलिस के अनुसार, रामनजिनप्पा अपनी पत्नी से अलग रह रहा था तथा सरोजा के साथ उसका अवैध संबंध था।

पुलिस के अनुसार, रामनजिनप्पा ने शनिवार को अस्पताल जाने के बहाने अपने एक परिचित से कथित तौर पर कार ली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि उसने देवनहल्ली के एक बस अड्डे से महिला व्याख्याता को अपनी कार में बिठाया। कुछ घंटों के बाद वे डोड्डाबल्लापुरा के एक सुनसान इलाके में पहुंचे।

अधिकारी ने संदेह जताया कि कार में दोनों की बीच कहासुनी हुई और फिर रामनजिनप्पा ने कथित तौर पर महिला के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद उसने कार पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी। यह माना जा रहा है कि घटना के बाद उसने भी आत्महत्या कर ली।

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। उन्होंने बताया कि गाड़ी के अंदर महिला का जला हुआ शव मिला।

पुलिस ने बताया कि सरोजा के पति ने रामनजिनप्पा पर उसकी पत्नी की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में