कर्नाटक: मंत्री खांड्रे ने मंगलुरु में इंजीनियरों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश दिए

कर्नाटक: मंत्री खांड्रे ने मंगलुरु में इंजीनियरों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश दिए

कर्नाटक: मंत्री खांड्रे ने मंगलुरु में इंजीनियरों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश दिए
Modified Date: September 1, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: September 1, 2026 8:19 pm IST

बेंगलुरु, एक सितंबर (भाषा) कर्नाटक के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ईश्वर खांड्रे ने मंगलवार को मंगलुरु में कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड (केआरआईडीएल) के अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार और धमकाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।

यह कार्रवाई पुत्तूर से कांग्रेस विधायक के. ए. अशोक कुमार राय की मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से की गई शिकायत के बाद की गई है।

राय ने मंगलुरु स्थित केआरआईडीएल के संभाग में कार्यरत कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंताओं पर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

मंत्री ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सचिव को लिखे पत्र में कहा कि मीडिया में ऐसी खबरें भी आई हैं कि मंत्री के नाम पर सात प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।

मंत्री ने विभाग के सचिव को आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का कोई अधिकारी, कर्मचारी या अभियंता अगर जिले के प्रभारी मंत्री या विभागीय मंत्री के नाम पर पैसे लेते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

खांड्रे ने यह पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय समिति से जांच कराने का भी आदेश दिया।

समिति की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी करेंगे।

समिति यह जांच करेगी कि मंगलुरु केआरआईडीएल संभाग के कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल थे या नहीं और विधायक द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं।

समिति को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने और अगर अभियंताओं को भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उनके खिलाफ की जाने वाली अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करने का निर्देश दिया गया है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में