जमशेदपुर में करणी सेना के नेता की मौतः पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई, निषेधाज्ञा लागू

जमशेदपुर में करणी सेना के नेता की मौतः पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई, निषेधाज्ञा लागू

जमशेदपुर में करणी सेना के नेता की मौतः पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई, निषेधाज्ञा लागू
Modified Date: July 1, 2026 / 03:46 pm IST
Published Date: July 1, 2026 3:46 pm IST

जमशेदपुर, एक जुलाई (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के स्थानीय नेता की हत्या के विरोध में हिंसक प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने बुधवार को कुछ इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी।

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक बार में कथित छेड़छाड़ का विरोध करने के दौरान शनिवार को हुई मारपीट व हमले में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह (28) घायल हो गए थे। चोटों के कारण सिंह की मौत हो गई, जिसके बाद सोमवार रात बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए।

हिमांशु के एक मित्र पर भी चाकू से हमला किया गया था और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शनिवार रात बार में दो युवकों द्वारा कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ और मारपीट हो गई।

पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया और दोनों युवकों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया हालांकि, हमलावरों ने सिंह और उनके मित्र को गाड़ी से बाहर खींच लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया।

करणी सेना के नेता के परिवार ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था और सोमवार रात कहा था कि प्रशासन 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करे तथा उस समय मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई करे, जब हिमांशु पर चाकू से हमला किया गया था।

धालभूम के उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) अर्नव मिश्रा ने बुधवार को 48 घंटे की समयसीमा समाप्त होने और अधिक विरोध प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर शहर के साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्रों में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी।

मिश्रा ने बुधवार को जारी एक अधिसूचना में बताया कि प्रशासन को हत्या के विरोध में सड़क जाम और प्रदर्शन होने की सूचना मिली है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

अधिसूचना में बताया गया कि अगले आदेश तक ये प्रतिबंध लागू रहेंगे।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में