कविता ने केंद्रीय मंत्री बी. संजय कुमार के बेटे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की

Ads

कविता ने केंद्रीय मंत्री बी. संजय कुमार के बेटे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 01:56 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 01:56 PM IST

हैदराबाद, 13 मई (भाषा) तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने बुधवार को राज्य पुलिस से केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की, जो बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) कानून के मामले में आरोपी है।

कविता ने कहा कि लुकआउट सर्कुलर इसलिए जरूरी है क्योंकि ‘‘भाजपा की आदत है कि आरोपों का सामना कर रहे लोगों को देश से बाहर भेज दिया जाता है।’’

कविता ने यहां संवाददाताओं से कहा कि लुकआउट सर्कुलर जारी होने से आरोपों की जांच में पारदर्शिता को लेकर जनता का विश्वास बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि कुमार के बेटे के खिलाफ दर्ज मामले और उसके द्वारा पीड़िता तथा उसके माता-पिता के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले की सच्चाई अदालत के फैसले के बाद सामने आएगी।

उन्होंने यह भी मांग की कि जारी जनगणना के दौरान जाति, उपजाति और आर्थिक स्थिति से संबंधित आंकड़े भी एकत्र किए जाएं।

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की पुत्री कविता ने अप्रैल में तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) का गठन किया था।

तेलंगाना पुलिस एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद यहां दर्ज पॉक्सो मामले के सिलसिले में बंदी संजय कुमार के बेटे भागीरथ की तलाश कर रही है।

पुलिस ने भागीरथ को 13 मई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश देते हुए एक नोटिस भी जारी किया था, जिसे परिवार के एक सदस्य ने प्राप्त किया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा