कोच्चि, 13 मई (भाषा) कांग्रेस सांसद बेन्नी बेहनान ने बुधवार को कहा कि उनके सहित सभी लोग यह जानने का इंतजार कर रहे हैं कि केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और इस संबंध में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे गए सवालों को केवल जिज्ञासा के तौर पर देखा जाना चाहिए, न कि विरोध के रूप में।
उन्होंने यह बयान एक दिन पहले घटी उस घटना का जिक्र करते हुए दिया, जिसमें कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक विवाह समारोह स्थल पर उनसे मुख्यमंत्री चयन के मुद्दे पर सवाल किए थे।
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें न तो रोका और न ही उनका रास्ता अवरुद्ध किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मित्रवत बातचीत थी, जिसे गलत तरीके से किसी विरोध प्रदर्शन की तरह पेश किया गया।
बेहनन ने यहां एक टीवी चैनल से कहा कि लोग और पार्टी कार्यकर्ता ‘‘स्वाभाविक रूप से’’ यह जानना चाहेंगे कि केरल के मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस क्या फैसला लेने वाली है।
उन्होंने कहा, ‘‘सिर्फ वे ही नहीं, मैं खुद भी यह जानने का इंतजार कर रहा हूं कि मुख्यमंत्री कौन होगा। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता सवाल पूछेंगे। लेकिन उन सवालों को विरोध या रास्ता रोकने की घटना नहीं कहा जा सकता। इसे विरोध या मुझे रोके जाने की घटना बताना कुछ स्वार्थी लोगों का काम है।’’
कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह एक मित्रवत बातचीत थी और जब वह पेरुंबवूर स्थित विवाह स्थल से निकल रहे थे, तब पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नहीं रोका। सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें कुछ युवक उनसे सवाल पूछते नजर आए थे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं कार्यक्रम स्थल से निकल रहा था, तब कुछ परिचित पार्टी कार्यकर्ता मेरे पास आए और पूछा कि मुख्यमंत्री चयन को लेकर क्या हुआ। मैंने उनसे कहा कि इस बारे में कांग्रेस आलाकमान को फैसला लेना है और तब तक इंतजार करना चाहिए। यह एक मित्रवत बातचीत थी।’’
बेहनन ने दावा किया, ‘‘लेकिन किसी ने इसे मीडिया को यह कहकर भेज दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझे रोक लिया था।’’
केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए तीन प्रमुख दावेदार वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, वी. डी. सतीशन और एआईसीसी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल माने जा रहे हैं जिनके नाम पर आलाकमान के स्तर पर मंथन चल रहा है।
भाषा गोला वैभव
वैभव