केरलम: पर्यटक बस पेट्रोल पंप से टकराई, 20 लोग घायल
केरलम: पर्यटक बस पेट्रोल पंप से टकराई, 20 लोग घायल
कोच्चि, 27 अगस्त (भाषा) केरल के एर्नाकुलम जिले के कक्कूर में बृहस्पतिवार को करीब 35 यात्रियों को ले जा रही एक पर्यटक बस पेट्रोल पंप के एक हिस्से से टकरा गई, जिससे कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि सड़क पर अचानक मुड़ रहे एक दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई।
बस कलाडी से कुछ लोगों को विवाह समारोह के लिए लेकर जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत कई यात्री घायल हुए।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एक दोपहिया वाहन चालक पीछे से आ रहे यातायात को देखे बिना अचानक दाईं ओर मुड़ गया।
पुलिस के अनुसार, बस चालक ने दोपहिया वाहन को टक्कर से बचाने के लिए ब्रेक लगाया और बस को दूसरी दिशा में मोड़ दिया, जिसके बाद बस सड़क से उतरकर पेट्रोल पंप के एक हिस्से से टकरा गई।
पेट्रोल पंप के पास खड़ा एक अन्य दोपहिया वाहन भी बस की चपेट में आने की स्थिति में था, लेकिन उसका चालक बाल बाल बच गया।
टक्कर के बाद बस पलट गई, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए या घायल हो गए।
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाने के लिए एंबुलेंस भी बुलाई गईं।
पुलिस ने कहा कि बस में करीब 35 लोग सवार थे और हादसा व्यस्त मार्ग पर हुआ, इसलिए इससे अधिक लोग हताहत हो सकते थे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


