मलप्पुरम, 24 जुलाई (भाषा) मलप्पुरम के तनूर की रहने वाली 76 वर्षीय लक्ष्मी ने यह साबित कर दिया कि अगर आत्मविश्वास हो तो उम्र रोमांच का आनंद लेने में बाधा नहीं बनती। उन्होंने जिपलाइन की सवारी कर इस साहसिक गतिविधि का रोमांच उठाया।
पोन्नानी में एक नदी के ऊपर जिपलाइन पर एक अन्य व्यक्ति के साथ सफर करती 76 वर्षीय लक्ष्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उनके इस साहसिक कदम की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
लक्ष्मी ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लेने से डर नहीं लगता और उन्हें ऐसे रोमांचक अनुभव पसंद हैं।
उन्होंने बताया कि उनके बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें जिपलाइन की सवारी नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने ठान लिया था कि वह जिपलाइन की सवारी जरूर करेंगी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे पहले इस साहसिक गतिविधि के बारे में पता नहीं था। लेकिन जब मैंने इसे देखा तो मेरा भी इसे आजमाने का मन हुआ। परिवार के साथ नौकायान के दौरान मैंने इसे देखा था। इसके बाद हम वहां गए। इसे संचालित करने वाले व्यक्ति ने मुझसे कहा कि वह मुझे सुरक्षित दूसरी ओर ले जाएगा और चिंता की कोई बात नहीं है। मुझे बिल्कुल डर नहीं लगा। जब हम बीच रास्ते में पहुंचे तो मैंने मेरे साथ जा रहे युवक से कहा कि वह मेरा हाथ छोड़ दे। इसके बाद मैंने खुद ही सुरक्षा पट्टियों को पकड़ लिया।’
उन्होंने कहा कि जिपलाइन की सवारी पूरी करने के बाद उन्हें बहुत खुशी हुई।
लक्ष्मी ने कहा कि भविष्य में भी जब कभी उन्हें इस तरह की साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा, तो वह जरूर इसका आनंद लेंगी।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि