केरल : सड़क पर रेंगते नन्हे बच्चे को बचाने वाले बस चालक और कंडक्टर की सराहना
केरल : सड़क पर रेंगते नन्हे बच्चे को बचाने वाले बस चालक और कंडक्टर की सराहना
मलप्पुरम (केरल), 11 जून (भाषा) केरल के मंत्रियों ने सड़क पर रेंगते हुए मिले एक छोटे बच्चे को बचाने वाले निजी बस चालक और कंडक्टर की सराहना की है। यह घटना मलप्पुरम जिले के पुलिक्कल इलाके में हुई।
परिवहन मंत्री सी. पी. जॉन और श्रम मंत्री बिंदु कृष्णा ने बस चालक रामचंद्रन और कंडक्टर नवास से फोन पर बात की तथा बच्चे की जान बचाने के लिए उनका आभार जताया।
यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब पुथियेदथपरम्बा-फेरोक मार्ग पर जा रही निजी बस के चालक रामचंद्रन ने सड़क के बीचोंबीच एक छोटे बच्चे को रेंगते हुए देखा।
उन्होंने तुरंत बस इस तरह रोकी कि अन्य वाहन बच्चे से टकरा न सकें। इसके बाद कंडक्टर नवास बस से नीचे उतरे, बच्चे को उठाया और पास ही रहने वाले उसके माता-पिता को सौंप दिया।
परिवार ने बाद में बताया कि बच्चा गलती से घर से बाहर निकल गया था और सड़क पर पहुंच गया था।
दोनों मंत्रियों ने फोन पर चालक और कंडक्टर से बात कर उनकी तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की।
केरल मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर इस घटना को साझा करते हुए इसकी प्रशंसा की।
विभाग ने बस के सीसीटीवी फुटेज को “डरावना” बताते हुए कहा कि यह घटना वाहन चलाते समय सतर्क रहने की आवश्यकता को दर्शाती है।
मलप्पुरम जिला पुलिस ने भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से बस चालक और कंडक्टर की सराहना की। पुलिस ने कहा कि चालक ने जैसे ही बच्चे को सड़क पर देखा, तुरंत बस रोक दी और कंडक्टर ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के त्वरित और मानवीय कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया और बच्चे की जान बचाई।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


