प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे केरल के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री
प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे केरल के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री
कोच्चि, 11 मार्च (भाषा) केरल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम से कथित रूप से बाहर रखे जाने के बाद, राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य मंत्रियों ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का बुधवार को निर्णय लिया।
प्रधानमंत्री यहां अपराह्न साढ़े 12 बजे होने वाले आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 66 का छह लेन तक विस्तार किए जाने के पहले खंड सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है, उनमें एनएच 66 का थलप्पडी-चेंगला खंड और कोझिकोड बाईपास का वेंगलम-रामनट्टुकारा खंड शामिल है जिन्हें छह लेन का बनाया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विजयन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, हालांकि कार्यक्रम सूची में उनका नाम शामिल है। कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के विजयन के फैसले का कोई खास कारण नहीं बताया गया।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित राज्य के मंत्रियों एम बी राजेश और के कृष्णनकुट्टी ने भी कहा कि वे निजी कारणों से इसमें हिस्सा नहीं ले रहे।
मंत्री रियास ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने संबंधी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यह कदम ‘‘लोकतंत्र के अनुरूप नहीं’’ है।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण सुगम बनाकर और धनराशि में योगदान देकर राज्य सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी गोपालकृष्णन ने हालांकि आरोप लगाया कि राज्य सरकार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार करके आगामी विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रही हैं।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


