केरल के मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता ने वरिष्ठ पत्रकार एन आर एस बाबू के निधन पर शोक व्यक्त किया
केरल के मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता ने वरिष्ठ पत्रकार एन आर एस बाबू के निधन पर शोक व्यक्त किया
तिरुवनंतपुरम, 19 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने वरिष्ठ पत्रकार एन.आर.एस. बाबू के निधन पर शोक व्यक्त किया और राज्य में पत्रकारिता तथा मीडिया शिक्षा में उनके अहम योगदान को याद किया।
वह 84 वर्ष के थे। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि बाबू का निधन यहां पट्टोम स्थित उनके आवास पर हुआ।
बाबू राजनीतिक टिप्पणीकार भी थे। उन्होंने मलयालम दैनिक केरल कौमुदी तथा साप्ताहिक कलाकौमुदी में कार्य किया था।
उन्होंने समाचार पत्र देशाभिमानी में सलाहकार संपादक के तौर पर भी सेवाएं दी थीं और तिरुवनंतपुरम पत्रकारिता संस्थान के निदेशक भी रहे।
अपने शोक संदेश में सतीशन ने बाबू को खोजी पत्रकारिता का अग्रणी, प्रख्यात राजनीतिक विश्लेषक, मृदुभाषी तथा व्यापक ज्ञान और अनुभव से संपन्न व्यक्ति बताया।
सतीशन ने बाबू के निधन को मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिजनों और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विपक्ष के नेता विजयन ने कहा कि बाबू का निधन केरल के मीडिया क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
विजयन ने कहा कि बाबू ने राज्य की पत्रकारिता पर अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने तिरुवनंतपुरम पत्रकारिता संस्थान के निदेशक के रूप में बाबू के कार्यकाल को भी याद किया और कहा कि उन्होंने पत्रकारों की नयी पीढ़ी को तैयार करने तथा उनका मार्गदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विजयन ने कहा, “केरल ने एक ऐसे प्रतिष्ठित पत्रकार को खो दिया है, जिन्होंने मीडिया क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एन आर एस बाबू का निधन मीडिया जगत के लिए बड़ी क्षति है।”
विजयन ने शोक संतप्त परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता और मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में बाबू के योगदान को सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


