केरल कांग्रेस (एम) ने पाला से जोस के मणि को चुनावी मैदान में उतारा, 12 उम्मीदवारों के नाम घोषित
केरल कांग्रेस (एम) ने पाला से जोस के मणि को चुनावी मैदान में उतारा, 12 उम्मीदवारों के नाम घोषित
कोट्टायम, 16 मार्च (भाषा) केरल कांग्रेस (एम) ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने अध्यक्ष जोस के. मणि को पाला सीट से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की।
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सहयोगी पार्टी केरल कांग्रेस (मणि) ने नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए 12 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की।
राज्यसभा सदस्य जोस के. मणि का मुकाबला मणि सी. कप्पन (यूडीएफ) और भाजपा के शॉन जॉर्ज से होगा, जिससे इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
पार्टी ने अपने सभी मौजूदा विधायकों को फिर से मैदान में उतारा है। इनमें मंत्री रोशी ऑगस्टीन (इडुक्की), एन जयराज (कंजिरापल्ली), जॉब माइकल (चंगनाशेरी), सेबेस्टियन कुलथुंकल (पूंजर) और प्रमोद नारायण (रन्नी) शामिल हैं।
सूची में एक चौंकाने वाला नाम बिजु चिरायथ का है, जो पहले कांग्रेस पार्षद थे और अब एलडीएफ सहयोगी के रूप में चालकुडी से चुनाव लड़ेंगे। चिरायथ ने उम्मीदवारों की घोषणा से कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।
अन्य उम्मीदवारों में थोडुपुझा में सीरियक चाज़िकादान, पिरावोम में साबू के जैकब, इरिक्कुर में मैथ्यू कुन्नापिल्ली, कडुथुरुथी में निर्मला जिमी और पेरुम्बावूर में बेसिल पॉल शामिल हैं।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


