केरल: कांग्रेस विधायक को पैसे के बदले मंत्री पद की पेशकश करने वाला फर्जी कॉल आया

केरल: कांग्रेस विधायक को पैसे के बदले मंत्री पद की पेशकश करने वाला फर्जी कॉल आया

केरल: कांग्रेस विधायक को पैसे के बदले मंत्री पद की पेशकश करने वाला फर्जी कॉल आया
Modified Date: July 15, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: July 15, 2026 6:57 pm IST

कोझिकोड (केरल), 15 जुलाई (भाषा) एलाथुर से कांग्रेस विधायक विद्या बालकृष्णन ने बुधवार को कहा कि उन्हें व्हाट्सऐप पर एक व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को पार्टी आलाकमान का सदस्य बताते हुए मंत्री पद दिलाने के बदले बड़ी रकम की मांग की।

विधायक ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि वह नयी दिल्ली से बात कर रहा है और मांगी गई रकम का भुगतान करने पर केरल में जल्द ही होने वाले कैबिनेट फेरबदल में उन्हें (विद्या बालकृष्णन को) मंत्री बनाया जा सकता है।

विद्या ने इस मामले में तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कोझिकोड साइबर प्रकोष्ठ ने जांच शुरू कर दी।

विधायक ने कहा कि उन्होंने कॉल की जानकारी तत्काल कांग्रेस नेतृत्व को दी थी और उनके निर्देश पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा, ‘कुछ दिन पहले मुझे यह कॉल आया था। इसी तरह के कॉल कई विधायकों को आए हैं। फोन करने वाला व्यक्ति अंग्रेजी में बात कर रहा था। मैंने तुरंत नेतृत्व को इसकी जानकारी दी और उनके निर्देश के अनुसार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।’

उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि कांग्रेस में मंत्री पद का फैसला पैसे के आधार पर नहीं किया जाता, लेकिन इस तरह के फर्जी कॉल पहली बार विधायक बने सदस्यों को गुमराह कर सकते हैं।

विद्या ने उम्मीद जताई कि मामले की उचित जांच होगी और आरोपियों की पहचान की जाएगी।

वहीं, तिरुवनंतपुरम में एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से जब इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव


लेखक के बारे में