मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए केवल भाजपा काम कर रही है : मुख्यमंत्री खेमचंद
मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए केवल भाजपा काम कर रही है : मुख्यमंत्री खेमचंद
इंफाल, 14 सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को दावा किया कि हिंसा प्रभावित राज्य में शांति बहाल करने और सभी समुदायों के बीच स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काम कर रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को यहां संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि तीन मई 2023 को शुरू हुई हिंसा ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ थी।
उन्होंने दावा किया कि अन्य राजनीतिक दलों ने घटना की आलोचना की, जबकि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो समुदायों के बीच मेल-मिलाप कराने और उनके बीच स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
सिंह ने कहा कि राज्य में अतीत में भी कई बार अशांति हुई है, जिसमें इनर लाइन परमिट (आईएलपी) लागू करने के लिए लंबे समय तक चला आंदोलन भी शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर में अतीत में भी कई बार अशांति फैली है। राज्य में आईएलपी लागू करने के लिए लंबा आंदोलन चला था। बाद में आंदोलन समाप्त होने के बाद स्वदेशी लोगों की सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार ने आईएलपी लागू किया।’’
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की मांग भाजपा के घोषणापत्र का हिस्सा थी और याद किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अगस्त 2022 में राज्य विधानसभा में इसे लागू करने के लिए प्रस्ताव पारित कराया था।
राज्य में जारी हिंसा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने यह संकट पैदा नहीं किया, लेकिन लोगों का इसके लिए हमें जिम्मेदार ठहराना स्वाभाविक है पर केवल भाजपा ही शांति लाने और समुदायों के बीच संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। केवल भाजपा ही यह सोचती है कि राज्य के सभी 36 समुदायों को सुरक्षित रखा जाना चाहिए।’’
सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा किए गए अच्छे कार्य संघर्ष के कारण दब गए हैं और अब उन्हें विशेष रूप से युवाओं के बीच प्रमुखता से सामने लाया जाना चाहिए तथा लोगों को उनके बारे में बताया जाना चाहिए।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


