बारिश प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास कर रही केरल सरकार: राहुल गांधी

बारिश प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास कर रही केरल सरकार: राहुल गांधी

बारिश प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास कर रही केरल सरकार: राहुल गांधी
Modified Date: August 2, 2026 / 11:48 pm IST
Published Date: August 2, 2026 11:48 pm IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केरल में भारी बारिश से हुई तबाही के बीच रविवार को कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवियों से भी इन प्रयासों में हर संभव मदद करने की अपील की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘केरल में भारी बारिश से हुई तबाही से मैं बहुत दुखी हूं। जिन आठ लोगों की जान गई है, उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। कामना करता हूं कि जो लोग अभी लापता हैं, वे सुरक्षित मिलें और घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मैं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवियों से अपील करता हूं कि वे इन प्रयासों में हर संभव सहयोग करें।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने कहा, ‘‘कृपया सतर्क रहें, खासकर पहाड़ी इलाकों में, और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।’’

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा केरल एकजुट होकर खड़ा है।

गांधी ने कहा, ‘‘मैं हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं।’’

केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा कि एक दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और राज्य के कई हिस्सों में संपत्ति का नुकसान हुआ।

सतीशन ने कहा कि आठ लोगों की मौत हुई और आठ अन्य लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि बारिश जनित घटनाओं में 13 लोग घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 27 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, 196 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है और 5,792 लोगों को राज्य में बनाए गए 209 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों और जिन लोगों ने अपने मकान और आजीविका खो दी है, उन्हें हर संभव सहायता देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश कम होने के बावजूद लोगों को, खासकर पहाड़ी इलाकों में, सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी राहत कार्यों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।

वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी केरल में भारी बारिश से हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘केरल में भारी बारिश से प्रभावित लोगों के लिए मेरा मन दुखी है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

वाद्रा ने कहा, ‘इस मुश्किल समय में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है।’

उन्होंने कहा, ‘मैं कांग्रेस और यूडीएफ के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करती हूं कि वे प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहें और हर संभव मदद करें।’

भाषा जोहेब देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में