केरलम सरकार बिजली खरीद के लिए कई राज्यों और कंपनियों से बात कर रही : मुख्यमंत्री सतीशन
केरलम सरकार बिजली खरीद के लिए कई राज्यों और कंपनियों से बात कर रही : मुख्यमंत्री सतीशन
तिरुवनंतपुरम, 16 सितंबर (भाषा): केरलम में एक सप्ताह के भीतर बिजली संकट दूर होने की उम्मीद जताते हुए मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार बिजली खरीदने के लिए कई राज्यों तथा बिजली कंपनियों से बातचीत कर रही है।
मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद सतीशन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार जहां से भी संभव हो, बिजली खरीदने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक अक्टूबर से लेकर अगले मानसून सत्र तक की अवधि के लिए एक योजना लाएगी और एक नयी संशोधित बिजली नीति भी तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खपत में वृद्धि, रात के समय अधिक मांग, सौर ऊर्जा के लिए भंडारण सुविधा का अभाव, पर्याप्त बारिश न होना और तापमान वृद्धि के कारण बिजली सकंट उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौते के लिए विभिन्न पक्षों से बातचीत कर रही है और ऐसा बिल्कुल नहीं है कि वह 30 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीदने जा रही है क्योंकि राज्य के लिए अधिकतम सीमा 10 रुपये निर्धारित है।
सतीशन ने बताया कि ‘नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन’ (एनटीपीसी) ने 30 रुपये प्रति यूनिट की मांग की थी।
उन्होंने यह भी कहा कि अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निजी कंपनियों का राज्य में स्वागत किया जाएगा, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि केरलम राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) के निजीकरण की कोई योजना नहीं है।
इस वर्ष कमजोर मानसून के कारण बारिश की कमी और तापमान वृद्धि की वजह से राज्य में विशेषकर रात के समय बिजली कटौती की जा रही है।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


