केरल सरकार ने पूर्ववर्ती एलडीएफ शासन के दौरान निलंबित दो आईएएस अधिकारियों को बहाल किया
केरल सरकार ने पूर्ववर्ती एलडीएफ शासन के दौरान निलंबित दो आईएएस अधिकारियों को बहाल किया
तिरुवनंतपुरम, सात जून (भाषा) केरल सरकार ने राज्य के पूर्ववर्ती वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) शासन के दौरान निलंबित किए गए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को बहाल कर दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा रविवार को साझा किए गए एक सरकारी आदेश के अनुसार, बी. अशोक और एन. प्रशांत का निलंबन रद्द कर दिया गया है, हालांकि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही सेवा नियमों के अनुसार जारी रहेगी।
वर्ष 1998 बैच के अधिकारी बी. अशोक और 2007 बैच के एन. प्रशांत को जल्द ही नयी तैनाती दिए जाने की उम्मीद है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों में कहा गया है कि सरकार द्वारा मामले की विस्तृत जांच के बाद दोनों अधिकारि,यों का निलंबन तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है।
हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ शुरू की गई अनुशासनात्मक कार्यवाही लागू सेवा नियमों के अनुसार स्वतंत्र रूप से जारी रहेगी।
प्रशांत को 2024 में सार्वजनिक टिप्पणियों और सोशल मीडिया पोस्ट संबंधी कथित कदाचार को लेकर निलंबित किया गया था।
अशोक को इस वर्ष की शुरुआत में सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोपों के चलते निलंबित किया गया था, जिसमें सार्वजनिक मंच पर सरकार के खिलाफ की गई आलोचनात्मक टिप्पणियां भी शामिल थीं।
दोनों अधिकारी राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


