शिक्षा क्षेत्र के राजनीतिकरण के प्रयासों का विरोध करेगी केरल सरकार: मंत्री जॉन
शिक्षा क्षेत्र के राजनीतिकरण के प्रयासों का विरोध करेगी केरल सरकार: मंत्री जॉन
कोच्चि, छह जून (भाषा) केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र के राजनीतिकरण की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी और छात्रों के पलायन को रोकने के लिए बेहतर अवसर व सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।
कोच्चि में एर्णाकुल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह ऐसा माहौल बनाए, जिससे छात्र उच्च शिक्षा और करियर के अवसरों के लिए राज्य में ही आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित हों।
उन्होंने कहा, ‘यह सरकार की जिम्मेदारी है और हम इसके तहत आवश्यक पहल करेंगे।’
केरल के राज्यपाल व विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर और राज्य सरकार के बीच मतभेदों से जुड़े सवाल पर जॉन ने कहा कि ऐसे मुद्दों का उचित तरीके से समाधान किया जाएगा और उच्च शिक्षा क्षेत्र पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा, ‘इसका मतलब हमेशा राज्यपाल से लड़ाई करना नहीं होता। हम अपने विचारों और सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगे।’
मंत्री ने दोहराया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा या नौकरी के लिए बड़ी संख्या में राज्य से बाहर न जाना पड़े।
जॉन ने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा नीतियां पेश करेगी और अकादमिक संस्थानों की स्वायत्तता व विश्वसनीयता की रक्षा करेगी।
उन्होंने कहा, “हम भगवाकरण का समर्थन नहीं करते और इसके खिलाफ कदम उठाएंगे।”
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


