केरल: कुंभ मेले से चर्चा में आई युवती ने फिर मांगी पुलिस सुरक्षा
केरल: कुंभ मेले से चर्चा में आई युवती ने फिर मांगी पुलिस सुरक्षा
कोच्चि, 19 जुलाई (भाषा) प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई एक युवती ने रविवार को एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस थाने पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता उसका पासपोर्ट और पैसे लेकर चले गए हैं तथा उसकी जान को खतरा है।
युवती के पति फरमान खान के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है। यह मामला युवती के पिता की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिनका दावा है कि उनकी बेटी नाबालिग है।
पिछले महीने केरल उच्च न्यायालय ने युवती की जान को खतरा होने के आरोपों के बाद उसे पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने अदालत को बताया कि वह युवती और उसके पति से संपर्क नहीं कर सकी।
इसके बाद अदालत ने पुलिस सुरक्षा वापस लेने का निर्देश दिया, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि यदि युवती दोबारा पुलिस से संपर्क करती है, तो उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है।
रविवार शाम युवती अपने वकील के साथ एर्नाकुलम सेंट्रल थाने पहुंची और पुलिस सुरक्षा बहाल किए जाने की मांग करते हुए एक आवेदन सौंपा।
युवती ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि उसके पिता उसका पासपोर्ट और पैसे लेकर चले गए हैं और दोहराया कि ‘‘उसकी जान को खतरा है।’’
एर्नाकुलम सेंट्रल थाने के अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई से पहले वे कोच्चि सिटी पुलिस आयुक्त से परामर्श करेंगे।
केरल उच्च न्यायालय ने पिछले महीने प्रथम दृष्टया माना था कि युवती बालिग प्रतीत होती है। अदालत ने फरमान को एक माह की ट्रांजिट अग्रिम जमानत भी दी थी, ताकि वह अपहरण के मामले में अग्रिम जमानत के लिए मध्यप्रदेश की संबंधित अदालत का रुख कर सके। हालांकि, बाद में अदालत ने फरमान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


