केरल : आंगनवाड़ी कर्मी का शव मिलने के बाद एक व्यक्ति गिरफ्तार, पुलिस को हत्या का शक
केरल : आंगनवाड़ी कर्मी का शव मिलने के बाद एक व्यक्ति गिरफ्तार, पुलिस को हत्या का शक
पत्तनमथिट्ठा (केरल), 18 जून (भाषा) पत्तनमथिट्ठा के गावी वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव मिलने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पत्तनमथिट्ठा जिले के पेरिनड के विनोद (42) के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव सुबह गावी के मीनार में पाया गया। गावी वन क्षेत्र है जहां बहुत कम लोग रहते हैं।
शव पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने मूझियार पुलिस को सूचना दी।
अधिकारियों ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि महिला के कपड़े फटे थे और शरीर पर चोट के निशान थे जिससे उसे किसी गड़बड़ी का संदेह हुआ।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी से पुलिस को पता चला कि विनोद और 13 साल की एक लड़की को पिछले दो दिनों से उस इलाके में देखा जा रहा था और आज सुबह वे कुमिली जाने वाली एक बस में सवार हुए।
अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने तुरंत पड़ोसी इडुक्की जिले के वंडीपेरियार बस अड्डे को सूचित किया, जिसके बाद एक चेकपोस्ट पर बस को रोक लिया गया।
पुलिस ने विनोद को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
पत्तनमथिट्ठा जिले के पुलिस प्रमुख आर. आनंद ने पत्रकारों को बताया कि पूछताछ के दौरान विनोद ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आनंद ने कहा, ‘हमारा मानना है कि उसने ही यह अपराध किया, क्योंकि पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या, वारदात के तरीके और मकसद के बारे में और जानकारी विस्तृत पूछताछ के दौरान सामने आएगी।’
पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए आनंद ने कहा कि इन पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकती है।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि विनोद पहले एक आपराधिक मामले में शामिल था और उस मामले में सुनाई गई सजा पूरी कर चुका था।
उन्होंने कहा, ‘उसके साथ एक लड़की थी। वह सुरक्षित है और उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है।’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विनोद और वह लड़की दो दिन पहले गावी पहुंचे थे और जंगल वाले इलाके में रह रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता पर उस समय हमला किया जब वह फोन पर बात करते हुए आंगनवाड़ी जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि फोन पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने महिला की चीख सुनने के बाद लोगों को बताया, जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार कर लिया है और उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


